अंबिकापुर:  सरगुजा जिले के थाना धौरपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आपसी पारिवारिक विवाद के बाद अपने ही माता-पिता की टांगी से हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद दोनों शवों को प्लास्टिक के बोरे में रस्सी से बांधकर आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को ग्राम सपड़ा में हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के शव घर के एक कमरे में प्लास्टिक के बोरे में रस्सी से बंधे हुए मिले थे। सूचना मिलने पर धौरपुर पुलिस, एसडीओपी सीतापुर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की गई।शिकायतकर्ता मोहन यादव ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ पुराने घर से करीब 800 मीटर दूर अलग मकान में रहता है। पुराने घर में उसके माता-पिता और बड़ा भाई जदू यादव रहते थे। 16 अगस्त की रात पिता उसके घर आए थे और बाद में वापस पुराने घर चले गए थे। अगले दिन मोहन यादव दूध लेने पुराने घर पहुंचा तो घर बंद मिला। तलाश के बाद कमरे का ताला तोड़कर अंदर देखा गया, जहां माता-पिता के शव बोरे में रस्सी से लिपटे मिले। कमरे और दीवारों पर खून के निशान भी पाए गए, जबकि बड़ा भाई जदू यादव फरार था।
मामले में थाना धौरपुर में अपराध क्रमांक 52/26 के तहत धारा 103(1) और 238 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 36 वर्षीय जदू यादव, निवासी सपड़ा परसापारा, थाना धौरपुरको हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के बाद टांगी से माता गुलाबी यादव और पिता हीराधर यादव पर हमला कर उनकी हत्या करने तथा शवों को प्लास्टिक के बोरे में रस्सी से लपेटकर रखने की बात स्वीकार की।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में थाना धौरपुर एवं साइबर सेल की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!