
बलरामपुर: बलरामपुर जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है, वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है।
लगातार बारिश के कारण कनहर नदी में बने एनीकट के ऊपर करीब तीन से चार फीट पानी बह रहा है। पानी का बहाव तेज होने के चलते प्रशासन ने लोगों से नदी, एनीकट और पुल-पुलियों के पास नहीं जाने की अपील की है। साथ ही नदी में प्रवेश करने या जोखिम उठाने से बचने की सख्त हिदायत दी गई है।जिले के विभिन्न नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम संवेदनशील इलाकों का लगातार निरीक्षण कर रही है। नदी किनारे बसे गांवों में पहुंचकर लोगों को संभावित खतरे के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी भी रखी गई है।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। पुल-पुलियों और एनीकट के ऊपर पानी बहने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




















