जीएन कंस्ट्रक्शन और ट्रक मालिक संघ के बीच संयुक्त समझौता, शेष भुगतान की समयसीमा भी तय; गाड़ी खड़ी होने पर 2 हजार रुपये हाल्टिंग चार्ज

अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग सामरी से जुड़े ट्रक मालिकों के लंबित भाड़ा भुगतान को लेकर 13 अगस्त से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बुधवार, 19 अगस्त को विराम लग गया। लंबित भुगतान और परिवहन व्यवस्था को लेकर जीएन कंस्ट्रक्शन तथा ट्रक मालिक संघ के बीच संयुक्त समझौता होने के बाद ट्रक मालिकों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। हड़ताल समाप्त होते ही बॉक्साइट लोडिंग का कार्य शुरू हो गया और ट्रक कांटा घरों पर पहुंचकर दोबारा परिवहन में जुट गए।

संयुक्त समझौते में 70 दिनों के भुगतान का उल्लेख

19 अगस्त 2026 को जीएन कंस्ट्रक्शन के लेटर पैड पर तैयार किए गए संयुक्त समझौता पत्र में उल्लेख किया गया है कि 19 अगस्त को सभी ट्रक मालिकों का 70 दिनों का भुगतान किया गया है। इसके साथ ही शेष भुगतान को लेकर भी समयसीमा निर्धारित की गई है।

समझौता पत्र में शेष भुगतान आगामी अवधि में किए जाने की बात कही गई है। ट्रक मालिकों की ओर से लंबे समय से करीब 115 दिनों के भुगतान के लंबित होने की बात कही जाती रही है। ऐसे में समझौते में 70 दिनों के भुगतान और शेष 45 दिनों के भुगतान का उल्लेख किया गया है। हालांकि इस समझौते के बाद वास्तविक रूप से सभी ट्रक मालिकों को कितनी राशि प्राप्त हुई, इसका विस्तृत आंकड़ा सामने नहीं आया है। समझौता पत्र में भी कुल भुगतान राशि अथवा प्रत्येक ट्रक मालिक को दी गई राशि का अलग-अलग विवरण दर्ज नहीं है।

शेष भुगतान के लिए तारीख तय..

संयुक्त समझौते में भविष्य के भुगतान को लेकर भी व्यवस्था तय की गई है। इसमें 1 से 10 तारीख तक का भुगतान 20 तारीख तक, 11 से 20 तारीख तक का भुगतान 30 तारीख तक तथा 21 से 30 तारीख तक का भुगतान अगले महीने की 10 तारीख को किए जाने की बात लिखी गई है।

इसके अलावा अब जो गाड़ी परिवहन के लिए चलेगी, उसका तत्काल भुगतान किए जाने की बात भी समझौते में दर्ज है। डीजल के लिए गाड़ी को पंप पर खड़ा नहीं रखने की व्यवस्था पर भी सहमति बनी है। यदि किसी कारण से गाड़ी खड़ी होती है तो 2 हजार रुपये हाल्टिंग चार्ज दिए जाने का उल्लेख किया गया है। समझौता पत्र में 30 ट्रकों को लाइन में लगाए जाने की बात भी दर्ज है, जिससे परिवहन व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से सामान्य करने की योजना सामने आती है।

पुनीत गुप्ता ने वीडियो जारी कर दी हड़ताल समाप्त होने की जानकारी..

संयुक्त समझौते के बाद ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष पुनीत गुप्ता ने वीडियो बयान जारी कर आंदोलन समाप्त किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समझौते के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल को बुधवार को विराम दे दिया गया है। इसके बाद ट्रक मालिकों ने बॉक्साइट की लोडिंग शुरू कर दी है और ट्रक कांटा घरों पर पहुंचकर परिवहन कार्य में जुट गए हैं। इससे करीब एक सप्ताह से प्रभावित चल रही बॉक्साइट परिवहन व्यवस्था के दोबारा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

18 अगस्त को एसडीएम कार्यालय में हुई थी बैठक..

गौरतलब है कि 18 अगस्त को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय कुसमी में ट्रक मालिक संघ और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बीच बैठक हुई थी। बैठक में अनिश्चितकालीन हड़ताल की स्थिति क्यों निर्मित हुई, इस पर चर्चा की गई थी। दोनों पक्षों ने अपनी बातें एसडीएम कुसमी अनमोल विवेक टोप्पो के समक्ष रखी थीं।
ट्रक मालिक संघ ने लंबित भुगतान को लेकर अपनी स्थिति रखते हुए बताया था कि करीब 115 दिनों का भाड़ा लंबित है। संघ की ओर से यह भी मांग उठाई गई थी कि हिंडाल्को के अधीन कार्यरत ठेकेदारों में जीएन कंस्ट्रक्शन के भुगतान को लेकर बार-बार समस्या सामने आ रही है, इसलिए ठेकेदार को हटाकर किसी अन्य एजेंसी को कार्य दिया जाए। बैठक में 80 दिनों के भुगतान का मंगलवार को आश्वासन दिया गया था। हालांकि मंगलवार देर रात तक ट्रक मालिकों के खातों में भुगतान पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई थी और इसके कारण हड़ताल भी जारी रही थी। इसके अगले दिन जीएन कंस्ट्रक्शन और ट्रक मालिकों के बीच लिखित समझौता हुआ।

प्रशासन ने 14 अगस्त को हिंडाल्को से मांगा था जवाब..

इस विवाद के बीच प्रशासन की भूमिका भी सामने आई थी। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं दंडाधिकारी, कुसमी कार्यालय द्वारा 14 अगस्त 2026 को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के महाप्रबंधक को पत्र जारी किया गया था। ट्रक मालिकों द्वारा प्रस्तुत संयुक्त ज्ञापन का हवाला देते हुए प्रशासन ने कंपनी से पूरे मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट करने को कहा था।

प्रशासन ने जीएन कंस्ट्रक्शन द्वारा ट्रक मालिकों के लंबित भुगतान की वर्तमान स्थिति, लंबित राशि का पूर्ण भुगतान कब तक किया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए कंपनी प्रबंधन द्वारा उठाए जा रहे आवश्यक कदमों की जानकारी मांगी थी। प्रशासन ने तीन दिवस के भीतर जानकारी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।

हिंडाल्को ने कहा था - कांट्रेक्टर को समय पर भुगतान किया गया..

एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो ने 18 अगस्त को बताया था कि हिंडाल्को प्रबंधन की ओर से प्रशासन को जवाब दिया गया है। इसमें कंपनी की ओर से बताया गया था कि हिंडाल्को द्वारा कांट्रेक्टर को समय पर भुगतान किया जा चुका है। हालांकि कुल बकाया राशि का आंकड़ा प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराया गया था और भुगतान को लेकर कांट्रेक्टर एवं ट्रांसपोर्टरों के बीच आपसी समन्वय की बात कही गई थी। एसडीएम ने यह भी कहा था कि मामला सिविल कोर्ट से संबंधित है। साथ ही भुगतान नहीं होने की स्थिति में चक्काजाम अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई थी।

लिखित समझौते के बाद अब भुगतान व्यवस्था की परीक्षा..

13 अगस्त से शुरू हुए आंदोलन के बाद अब 19 अगस्त को लिखित समझौते और ट्रक मालिक संघ द्वारा हड़ताल समाप्त किए जाने की घोषणा से विवाद फिलहाल शांत होता दिखाई दे रहा है। हालांकि अब पूरे मामले में असली परीक्षा समझौते में तय भुगतान व्यवस्था के पालन की होगी। ट्रक मालिकों के अनुसार लंबे समय तक भुगतान लंबित रहने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था। अब यदि तय समयसीमा के अनुसार शेष 45 दिनों का भुगतान होता है और भविष्य में 1 से 10, 11 से 20 तथा 21 से 30 तारीख के भुगतान की व्यवस्था नियमित रूप से लागू होती है तो इससे विवाद का स्थायी समाधान संभव हो सकता है। फिलहाल समझौते के बाद ट्रक मालिकों ने हड़ताल समाप्त कर दी है और बॉक्साइट परिवहन दोबारा शुरू हो चुका है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संयुक्त समझौते में तय शर्तों का पालन कितनी प्रभावी तरीके से होता है और शेष लंबित भुगतान निर्धारित समयसीमा में ट्रक मालिकों तक पहुंचता है या नहीं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!