
अंबिकापुर: साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच सरगुजा पुलिस द्वारा युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के नेतृत्व में अभियान के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न स्कूल-कॉलेज एवं शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरबार, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर, आईटीआई लखनपुर, राजकुमार कॉलेज उदयपुर, पुलिस लाइन हायर सेकेंडरी स्कूल अंबिकापुर, कन्या छात्रावास स्कूल रोड अंबिकापुर और कंप्यूटर सेंटर मणीपुर में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 700 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को OTP, UPI और QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के तरीकों एवं उनसे बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान APK डाउनलोड करने या किसी के कहने पर QR Code स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। बताया गया कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत करने से रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
अभियान के तहत जागरूकता की एक Selfie”पहल भी चलाई गई। विद्यार्थियों को जागरूकता QR Code के माध्यम से अभियान से जुड़ने और साइबर सुरक्षा के संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान छात्राओं ने QR Code के साथ Selfie लेकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।कार्यक्रम में उप निरीक्षक अभय तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आशी झा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनुराग वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, सुरजीत कोरी, आरक्षक राहुल केरकेट्टा, नवा बिहान से मंगल पाण्डेय, वार्डन श्वेता जायसवाल, महिला थाना से महिला प्रधान आरक्षक एंजेला मिंज, महिला आरक्षक सविता मरावी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।वहीं पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता, आस्था गुप्ता, विभाश्री सिंह एवं राजकुमार ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विद्यार्थियों ने साइबर अपराध से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम ने समाधान किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
सरगुजा पुलिस ने अपील की है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में बिना देरी किए 1930 पर शिकायत करें।




















