जशपुर:  जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य में बाधा डालने और जनगणना प्रगणक शिक्षक के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करने के मामले में जशपुर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सुरेशपुर का है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कुमकेला निवासी शिक्षक सतीश कुमार सक्सेना की ड्यूटी जनगणना प्रगणक के रूप में लगाई गई थी। 5 मई 2026 को वह जनगणना कार्य के लिए ग्राम सुरेशपुर पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रास्ते में रोककर फर्जी व्यक्ति बताते हुए गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि युवक ने शिक्षक का आईडी कार्ड छीनकर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के कारण जनगणना का शासकीय कार्य बाधित हुआ।प्रार्थी की शिकायत पर पत्थलगांव थाना में अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज कर धारा 221, 132, 296, 351(3) और 115(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान शुभम कुजूर उर्फ बंटी कुजूर (26 वर्ष), निवासी रामभाटा, संजय मैदान, हरदिया गली, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ के रूप में की। घटना के बाद से आरोपी फरार था।पुलिस को मुखबिर और तकनीकी टीम से सूचना मिली कि आरोपी रायगढ़ स्थित अपने घर पहुंचा है। इसके बाद पत्थलगांव पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई पहचान परेड में प्रार्थी शिक्षक ने आरोपी को घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में पहचान लिया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे प्रधान आरक्षक अनुज एक्का,चंद्र विजय साय और आरक्षक आकाश कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!