

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के मवेशी तस्करी के मामले में रामचंद्रपुर पुलिस ने एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस की कार्रवाई से मवेशी तस्करी में संलिप्त आरोपियों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को प्रार्थी उदय कुमार सिंह, निवासी ग्राम गुरुरंगा, थाना रामचंद्रपुर ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ आरोपी छह रास गाय-बछड़ों को कथित तौर पर क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए बूचड़खाने की ओर ले जा रहे थे। आवाज लगाने पर आरोपी छहों मवेशियों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे।मामले में थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 31/2026 दर्ज कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण निवारण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।प्रकरण में पुलिस द्वारा पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है। विवेचना के दौरान मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी अशरफ अली अंसारी (37 वर्ष), पिता कलीम अंसारी, निवासी ग्राम दौलंगी, थाना रामचंद्रपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की भूमिका सामने आई।पुलिस ने 11 अगस्त 2026 को आरोपी अशरफ अली अंसारी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मवेशी तस्करी के इस प्रकरण में एंड-टू-एंड विवेचना के तहत मामले से जुड़े सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।











