

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कत्था तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कत्थे से लदा एक ट्रक जब्त किया है। बताया जा रहा है कि ट्रक वाड्रफनगर से उत्तर प्रदेश की ओर अवैध कत्था लेकर जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम को अवैध तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोकने की कोशिश की। वन विभाग की कार्रवाई को देखते हुए ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर वन विभाग कार्यालय पहुंचाया है। ट्रक में लदे कत्थे की मात्रा और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अवैध तस्करी की आशंका जताई जा रही है।
वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि कत्था कहां से लोड किया गया था और इसे उत्तर प्रदेश में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले की जांच के दौरान बड़े तस्कर गिरोह से जुड़े लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल वन विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश सहित पूरे मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद अवैध वन उपज तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।











