

जशपुर: जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा स्थित रथ मेला में खुड़खुड़िया पट्टी और गोटी से जुआ खेलाने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल 77,240 नकद समेत जुआ खेलने और खेलाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 8 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरजगढ़ ऊपरपारा रथ मेला में कुछ लोग खुड़खुड़िया नामक जुआ खेलाकर रुपये-पैसे का दांव लगवा रहे हैं। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।पुलिस ने मौके पर देखा कि सार्वजनिक स्थान पर सीसी रोड में पेट्रोमैक्स की रोशनी में दो अलग-अलग जुआ फड़ लगाए गए थे। यहां खुड़खुड़िया पट्टी और गोटी के जरिए रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगवाया जा रहा था। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि जुआ खेलाने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पहले जुआ फड़ सेआरोपी निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत और नितेश किण्डो के कब्जे से 42,810 नकद बरामद हुए। वहीं दूसरे जुआ फड़ से दिलीप खलखो, अकबर किण्डो और रंजीत किण्डो के कब्जे से 34,430 बरामद किए गए। दोनों फड़ों से कुल 77,240 नकद जब्त किए गए।इसके अलावा पुलिस ने मौके से खुड़खुड़िया पट्टी, 6 नग प्लास्टिक की गोटी, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई, करीब 3 लीटर क्षमता का लाल रंग का पेट्रोमैक्स गैस लैंप समेत अन्य जुआ सामग्री जब्त की।
पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। थाना वापसी के बाद अपराध क्रमांक 168/2026 और 169/2026 के तहत धारा 3(2), 4 एवं 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना में अपराध घटित करना पाए जाने पर **9 अगस्त 2026 को सभी सात आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में निराकार खुटिया (27), विजय भगत (44), अगस्तु भगत (45), नितेश किण्डो (34), दिलीप खलखो (30), अकबर किण्डो (43) और रंजीत किण्डो (36), सभी थाना पत्थलगांव क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।
कार्रवाई में निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के हमराह सउनि लखेश कुमार साहू सहित थाना पत्थलगांव के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जशपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।











