

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रसिद्ध देवगढ़ धाम में 10 अगस्त को कांवर पदयात्रा और भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जमदगिनी ऋषि की तपोभूमि एवं रेणुका नदी के तट पर स्थित प्राचीन अर्धनारीश्वर शिवलिंग देवगढ़ धाम में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
यह आयोजन मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार, सूरजपुर के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजन का यह 11वां वार्षिक उत्सव है। इसके तहत एक शाम देवगढ़ बाबा के नाम’ भजन संध्या के साथ सजीव झांकियों की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
छठ घाट से शुरू होगी कांवर पदयात्रा
आयोजकों के अनुसार शिवभक्त गायत्री मंदिर छठ घाट से पवित्र जल और कांवर लेकर ‘बोल बम’ एवं ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ देवगढ़ धाम के लिए पदयात्रा करेंगे। हर वर्ष इस यात्रा में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल होते हैं। श्रद्धालु भक्ति गीतों के साथ झूमते-गाते देवगढ़ धाम पहुंचते हैं। इससे पूरी पदयात्रा का वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो जाता है।
श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सुविधाएं
कांवर पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पानी, जलपान, भोजन और विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल सहायता मिल सके।
छठ घाट पर अनूप अग्रवाल, अरुण गुप्ता और बसंत मिश्रा की टीम व्यवस्था संभालेगी। महामाया चौक में पन्नू साहू, लांची में नव युवा जागृति मंच, केतका रोड में सवारियां सेठ समिति, केतका में बैजनाथ अग्रवाल और महंगई में विजय कुमार विष्णु राम की ओर से श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इसी तरह बड़पारा में नलिन जिंदल तथा देवगढ़ धाम में राहुल अग्रवाल और उनकी टीम श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी रहेगी। रात के समय मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार तथा अगले दिन विनोद कुमार और विकास कुमार, अंबिकापुर की ओर से पानी की व्यवस्था की जाएगी। रौनक जैन सहित अन्य समाजसेवियों और संस्थाओं द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
कांवर पदयात्रा के बाद 10 अगस्त की रात 7:30 बजे से ‘एक शाम देवगढ़ बाबा के नाम’ भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम बाबा की इच्छा तक चलेगा। भजन संध्या में मध्यप्रदेश की अंजली गुप्ता, कोलकाता के शुभम भास्कर, देवघर बाबा धाम की सरगम स्नेहा और मध्यप्रदेश के शुभम गुप्ता अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे। कलाकारों की भक्तिमय प्रस्तुतियों से देवगढ़ धाम में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बनेगा।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी समिति
आयोजन को सफल बनाने के लिए मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार के पदाधिकारी और सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। पवन गर्ग, सुभाष गोयल, कालीचरण अग्रवाल, राजेश मित्तल, पवन अग्रवाल, चिंटू अग्रवाल, पंकज चौबे, गोलू जिंदिया, नवीन सिंघल, मुकेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, बंटी जिंदिया, घनश्याम गोयल, विकास जैन, राजेश डालमिया, नलिन जिंदल, रूपेश मित्तल और प्रणव अग्रवाल सहित समिति के सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार ने क्षेत्रवासियों एवं सभी शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवर पदयात्रा में शामिल होने और ‘एक शाम देवगढ़ बाबा के नाम’ भजन संध्या में पहुंचकर देवगढ़ बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।











