

सूरजपुर: जमीन विवाद को लेकर परिवार पर लाठी-डंडे से हमला कर प्राणघातक चोट पहुंचाने के मामले में चौकी बसदेई पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम जूर निवासी हसीना बीबी ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आयुब अंसारी के परिवार के साथ उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। 14 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे हसीना बीबी अपने ससुर सफी अहमद और बहू सहेबा के साथ खेत में बने झाला में बैठी थीं। इसी दौरान अयुब अंसारी, उसके दोनों बेटे, भतीजा और पत्नी वहां लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।विवाद की जानकारी मिलने पर हसीना बीबी के पति मोहम्मद यासीन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि अयुब अंसारी, उसकी पत्नी, बेटे और भतीजे असलम अंसारी ने उनके साथ डंडे से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। हमले में मोहम्मद यासीन के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया।
इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने 5 अगस्त 2026 को आरोपी असलम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।
अम्बिकापुर, दंतेवाड़ा और भोपाल में छिपकर रहे
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में चौकी बसदेई पुलिस को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आयुब अंसारी (50), अख्तर रजा (27) और उमर रजा (23) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी ग्राम जूर, चौकी बसदेई के निवासी हैं।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एक महिला रिश्तेदार की मदद से अम्बिकापुर, दंतेवाड़ा और भोपालमें छिपकर रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे भी बरामद किए हैं।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेंद्र जायसवाल सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।











