

बलरामपुर: ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास एवं वीबी जी राम-जी योजना के प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत वाड्रफनगर एवं राजपुर में जनपद सीईओ के नेतृत्व में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत क्षेत्र के सरपंच, उपसरपंच व पंचों ने भाग लेकर योजना के विभिन्न प्रावधानों एवं ग्राम स्तर पर अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर ने प्रतिभागियों को योजना के उद्देश्य, विकसित भारत के संकल्प में ग्राम पंचायतों की भूमिका, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां, कार्यों में पारदर्शिता, जनसहभागिता तथा ग्राम विकास की कार्ययोजना तैयार करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उपस्थितजनों को बताया गया कि वीबी जी राम-जी योजना का उद्देश्य रोजगार उपलब्ध कराने के साथ आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित गांवों का निर्माण करना है।
प्रशिक्षण में जल सुरक्षा, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, श्रमिकों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने, आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत अधोसंरचना के सुदृढ़ निर्माण के बारे में बताया गया। साथ ही ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी, गुणवत्तापूर्ण कार्य, समयबद्ध क्रियान्वयन एवं सामाजिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें अपने-अपने ग्राम पंचायतों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक ग्रामीणों को इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।











