

Ujjain News: महाकाल की नगरी उज्जैन में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के साथ चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। जम्मू से परिवार और साथियों के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं की कार से करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
दर्शन के लिए गए, लौटे तो कार खाली मिली
जम्मू निवासी वरुण शर्मा अपने परिवार, बुआ, मित्र गीतांजलि शर्मा और गुरुजी के साथ महाकाल मंदिर दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे थे। बुधवार को उन्हें वापस जम्मू लौटना था। होटल से चेकआउट करने के बाद उन्होंने अपना सामान कार में रखा और रवाना होने से पहले एक बार फिर बाबा महाकाल के दर्शन करने चले गए।करीब दो घंटे बाद जब सभी वापस लौटे तो कार से उनका सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ढाई मिनट में दिया वारदात को अंजाम
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक छात्र के वेश में कार के पास पहुंचता दिखाई देता है। सुबह करीब 11:23 बजे वह कार के पास आता है और महज ढाई मिनट के भीतर सामान निकालकर 11:26 बजे वहां से निकल जाता है। फुटेज में आरोपी बिना किसी घबराहट के बैग लेकर आराम से जाते हुए दिखाई दे रहा है।
क्या-क्या हुआ चोरी?
पीड़ितों के अनुसार चोरी हुए सामान में लैपटॉप, मोबाइल फोन, लगभग 15 हजार रुपये नकद, सूटकेस और एक हैंडबैग शामिल है। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती सामान भी रखा हुआ था। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
होटल से निकलकर पहुंचे थे मंदिर
वरुण शर्मा ने बताया कि वे स्टेशन के पास स्थित द ग्रैंड गरुड़ होटल में ठहरे हुए थे। होटल से चेकआउट करने के बाद उन्होंने सामान कार में रखा और अंतिम बार महाकाल मंदिर में दर्शन करने चले गए। उनके साथ कुल चार लोग यात्रा पर आए थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की शिकायत गीतांजलि शर्मा की ओर से महाकाल थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आरोपी ने पहले से रेकी कर बेहद कम समय में वारदात को अंजाम दिया।











