

सूरजपुर: जमीन विवाद में प्राणघातक हमला करने के मामले में चौकी बसदेई पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद अलग-अलग शहरों में छिपकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया और घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जूर निवासी हसीना बीबी ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके परिवार और मोहम्मद आयुब के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। 14 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे आयुब अंसारी, उसके दोनों बेटे, पत्नी और भतीजा असलम अंसारी डंडा-लाठी लेकर खेत पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
शोर सुनकर हसीना बीबी के पति मोहम्मद यासीन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। घायल मोहम्मद यासीन को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया। मामले में चौकी बसदेई में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश तेज की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी असलम अंसारी ग्राम सरमा में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद के चलते मोहम्मद यासीन, सफी अहमद, हसीना बीबी समेत अन्य लोगों के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। उसने बताया कि घटना के बाद वह अंबिकापुर, दंतेवाड़ा और भोपाल में छिपकर रह रहा था। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम अंसारी (29 वर्ष), निवासी जूर मियांपारा, चौकी बसदेई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











