

सूरजपुर: पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाठी भी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ग्राम गौरीपुर निवासी मटुकधारी यादव ने थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जुलाई की रात करीब 10 बजे ग्राम कंचनपुर निवासी रविन्द्र रजक पेट्रोल पंप की उधारी का पैसा लेने उसकी दुकान पर आया था। उसी दौरान लक्ष्मण यादव, संदीप यादव, जमुना प्रसाद यादव और कमलेश यादव लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करते हुए रविन्द्र रजक पर हमला कर दिया। हमले में रविन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले प्रेमनगर अस्पताल और बाद में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।मामले में थाना प्रेमनगर में अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर थाना प्रेमनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर दबिश देकर लक्ष्मण यादव (40), संदीप यादव (24), जमुना प्रसाद यादव (55) और कमलेश यादव (20), सभी निवासी ग्राम गौरीपुर यादवपारा, थाना प्रेमनगर को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने हमला करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाठी जब्त की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, प्रधान आरक्षक प्रमोद लकड़ा, आरक्षक दीपक यादव, बृजेश काशी तथा हरिशचंद दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









