

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार (3 अगस्त) को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 5 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जिसे सामान्य श्रेणी में रखा गया है।
लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन और यातायात पर भी देखने को मिला है। बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बांसाझाल स्थित पुल बीच से टूट गया, जिससे एक यात्री बस पुल पर ही फंस गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि पुल क्षतिग्रस्त होने से बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक, मनेंद्रगढ़ तथा मध्यप्रदेश के जबलपुर और शहडोल से सीधा सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित करने की व्यवस्था की है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा गरज-चमक के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है।प्रदेश के तापमान की बात करें तो रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।वहीं राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।










