

अंबिकापुर: अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 8 के छात्र से उसकी नोटबुक में उसकी मां के लिए 100 से अधिक बार अश्लील गालियां लिखवाने का मामला सामने आने के बाद पूरे जिले में आक्रोश है। घटना के सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षिका को निलंबित कर माफी तो मांग ली, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है।
पुलिस जांच पूरी, फिर भी FIR क्यों नहीं
मामले की जांच पुलिस द्वारा किए जाने के बाद भी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की ओर से स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की पहल नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि किसी छात्र के साथ मानसिक प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार हुआ है, तो केवल शिक्षिका का निलंबन पर्याप्त माना जाए या संस्था की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए, यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल
शिक्षिका स्कूल की कर्मचारी थी और घटना स्कूल परिसर में हुई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या केवल एक कर्मचारी पर कार्रवाई कर संस्था अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो सकती है, या फिर स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए?
छात्र संगठनों की चुप्पी भी चर्चा में
छात्र हितों की बात करने वाले कई छात्र संगठन भी इस मामले में अब तक खुलकर सामने नहीं आए हैं। जिस घटना ने अभिभावकों और समाज को झकझोर दिया, उस पर छात्र संगठनों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
अभिभावकों और सामाजिक संगठनों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया है तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो।











