

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला में रविवार को कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला। जब एक युवक कथित तौर पर अंडा नहीं मिलने से नाराज होकर एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर की ऊंचाई पर देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान शिव शंकर पिता शुकुल, निवासी ग्राम जमगला के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक रोज अंडा खाने का आदी है। रविवार को अंडा नहीं मिलने पर वह नाराज हो गया और सीधे गांव के एयरटेल टावर पर चढ़ गया। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। घंटों चली मशक्कत और समझाइश के बाद युवक आखिरकार सुरक्षित नीचे उतर आया। राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई हादसा नहीं हुआ और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। टावर के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वहीं, ग्रामीणों का यह भी कहना है कि युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। हालांकि इस संबंध में पुलिस या स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने मामले को शांतिपूर्वक संभालते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।










