

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में अंतरराज्यीय अवैध डीजल तस्करी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी जाफर हुसैन (23) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी उत्तर प्रदेश से सस्ते दामों में डीजल और पेट्रोल मंगवाकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने का अवैध कारोबार करता था।
जानकारी के अनुसार 22 सितंबर 2025 पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के सागोबांध क्षेत्र से एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध डीजल जारकिनों में भरकर तस्करी के लिए छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सनावल के नेतृत्व में ग्राम पचावल पुलिया के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।UP-70BE-3092 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 18 प्लास्टिक जारकिनों में भरे करीब 540 लीटर अवैध डीजल बरामद किया गया। मौके से वाहन चालक नीरज कुमार और संदीप कुमार, दोनों निवासी जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश), को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उत्तर प्रदेश के खड़िया क्षेत्र से डीजल-पेट्रोल लाकर सनावल थाना क्षेत्र के बरवाही निवासी जाफर हुसैन और नुरानी मियां को महीने में दो बार सप्लाई करते थे। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर पहले नुरानी मियां को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था, जबकि जाफर हुसैन फरार चल रहा था।लगातार तलाश और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जाफर हुसैन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कम कीमत पर डीजल-पेट्रोल खरीदकर अधिक दामों में बेचने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











