

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा वन मंडल के करतला वन परिक्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। जंगल में किसी काम से गए एक ग्रामीण की हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़मार निवासी जगेश्वर राठिया सुबह जंगल गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद जब ग्रामीणों ने जंगल में खून से लथपथ शव देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की जांच शुरू कर दी। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से जंगल की ओर जाने में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीण बिना आवश्यक कारण जंगल न जाएं और हाथियों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। विभाग द्वारा हाथियों की निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।











