गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :  पेंड्रा थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने सड़क दुर्घटना के आरोपी शिक्षा विभाग के कर्मचारी प्रद्युम्न तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

48 घंटे से ज्यादा न्यायिक अभिरक्षा में रहने पर कार्रवाई

शिक्षा विभाग के अनुसार, आरोपी के 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक अभिरक्षा में रहने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

20 जून को हुआ था भीषण सड़क हादसा

जानकारी के अनुसार, 20 जून को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सवारियों से भरे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेंड्रा में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था।

जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

मामले की जांच के बाद पेंड्रा पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक प्रद्युम्न तिवारी को गिरफ्तार किया। आरोपी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी) पेंड्रा में सहायक ग्रेड-03 के पद पर कार्यरत है।पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 125(ए) और 125(बी) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद 13 जुलाई 2026 को उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही भेज दिया गया।

विभागीय कार्रवाई के बाद बढ़ी जिम्मेदारी

आरोपी कर्मचारी के निलंबन के साथ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। अब मामले की कानूनी प्रक्रिया के साथ-साथ विभागीय नियमों के तहत आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!