धमतरी :  कुरुद में चावल कारोबारी नीरज साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि कारोबारी की हत्या किसी अज्ञात हमलावर ने नहीं, बल्कि उसी कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने रंजिश के चलते की थी।

पुल के ऊपर खून से लथपथ मिला था शव

मामला थाना कुरुद के मर्ग क्रमांक 118/2026 से जुड़ा है। जांच के दौरान मृतक नीरज साहू पिता खुमान साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी कुण्डेल, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में पाई गई थी।22 जुलाई 2026 को नारी महानदी पुल के ऊपर मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। उसके गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल पर उसका बोलेरो पिकअप वाहन भी खड़ा मिला था।

जांच में हत्या की पुष्टि, दर्ज हुआ मामला

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव पंचनामा, घटनास्थल निरीक्षण, परिजनों और गवाहों के बयान सहित सभी पहलुओं की जांच शुरू की। जांच में धारदार वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।इसके बाद थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।

सैकड़ों सीसीटीवी खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर थाना कुरुद, थाना मगरलोड और साइबर टीम की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों और घटनाक्रम के विश्लेषण के बाद पुलिस को संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंचने में सफलता मिली।

पूछताछ में सामने आई रंजिश की कहानी

पुलिस पूछताछ में आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू ने नीरज साहू की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह और मृतक दोनों चावल का कारोबार करते थे।

आरोपी के अनुसार, नीरज साहू का कारोबार अच्छा चल रहा था और उसकी कमाई भी अधिक थी। इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश और द्वेष पैदा हो गया था।

सुनसान जगह पर हमला कर की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मौका देखकर नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर नीरज साहू को रोक लिया। इसके बाद कैंची और पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कैंची और पाना बरामद कर लिया है।

21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने हत्या के आरोप में बिरेंद्र कुमार साहू, उम्र 21 वर्ष, पिता कन्हैया लाल साहू, निवासी सांकरा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!