

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना पुलिस ने व्यापारी के गोदाम में रात के समय चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना रामानुजगंज में सारांश केसरी (25) निवासी वार्ड क्रमांक-11 ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई की रात वार्ड क्रमांक-3 स्थित उसके गोदाम से एक मिक्सी, दो कूलर मोटर, एक मोबाइल फोन और दो पंखे चोरी हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 22,900 रुपये बताई गई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305 एवं 331 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर नयन गुप्ता (25) निवासी रामानुजगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने गोदाम में घुसकर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया। बरामद सामग्री को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।











