

शंकरगढ़ पुलिस ने सरगुजा के गांधीनगर थाना क्षेत्र से आरोपियों को गिरफ्तार किया, चोरी के जेवर गिरवी रखकर लिया गया था ₹3.80 लाख का गोल्ड लोन
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना पुलिस ने करीब 4 लाख रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी अर्पण कुमार उरांव ने 31 दिसंबर 2025 को अपने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, ₹3 हजार नकद और दो सीसीटीवी कैमरे चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।विवेचना के दौरान सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपियों का सुराग मिला।
आवेदन के आधार पर थाना शंकरगढ़ में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान थाना गांधीनगर (सरगुजा) से मिली जानकारी में पता चला कि वहां के एक प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार पन्ना ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथी आकाश गाईन के साथ मिलकर शंकरगढ़ क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस खुलासे के आधार पर पुलिस ने आनंद पन्ना को पूर्व में पुलिस रिमांड पर लेकर मामले में गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया था। प्रकरण में फरार आरोपी आकाश गाईन को अंबिकापुर से हिरासत में लिया गया।
जांच में पता चला कि चोरी के सोने के जेवर उसकी मां नीलिमा गाईन के माध्यम से अंबिकापुर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखकर ₹3.80 लाख का गोल्ड लोन लिया गया था। वहीं आरोपी आनंद पन्ना को उसकी बहन मंजूषा पन्ना के खाते के माध्यम से ₹20 हजार की राशि भी दी गई थी।मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आकाश गाईन पिता प्रदीप गाईन (23), नीलिमा गाईन पति प्रदीप गाईन (38) और मंजूषा पन्ना पिता हबील पन्ना (31) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
संपूर्ण कार्रवाई में उप निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, स. उप निरीक्षक धोबसाय पैंकरा, रफैल तिर्की, आरक्षक बबलू बेक, संदीप ,महिला आरक्षक सरोज केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











