रायपुर: बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सामाजिक परंपराओं और नए बदलावों की तस्वीर अब देश के सबसे बड़े संवैधानिक मंच पर दिखाई देगी। बस्तर के परगना मांझी, चालाकी, समाज प्रमुख, जनजातीय युवा कलाकार, समाज प्रतिनिधि और पद्मश्री सम्मान प्राप्त विभूतियों सहित 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के लिए रवाना हो गया है।यह प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेगा। इस दौरान बस्तर की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक व्यवस्था से राष्ट्रपति को अवगत कराया जाएगा।

राष्ट्रपति के सामने रखी जाएगी नए बस्तर की तस्वीर

प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति के समक्ष बस्तर के बदलते स्वरूप को प्रस्तुत करेगा। सदस्य बताएंगे कि कभी नक्सल हिंसा के लिए चर्चा में रहने वाला क्षेत्र अब शांति, विकास और विश्वास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।प्रतिनिधिमंडल यह संदेश देगा कि बस्तर के युवा अपनी संस्कृति, कला और प्रतिभा के माध्यम से देशभर में नई पहचान बना रहे हैं। शासन की विकास योजनाओं और सुरक्षा बलों के प्रयासों से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है, जिससे शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और जनजीवन को नई दिशा मिली है।

जनजातीय संस्कृति के साथ विकास की कहानी भी होगी साझा

दिल्ली पहुंचने वाला प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति के सामने बस्तर की पारंपरिक जीवन शैली, लोक कला, रीति-रिवाज और सामाजिक मूल्यों की जानकारी साझा करेगा।प्रतिनिधिमंडल की ओर से यह संदेश दिया जाएगा कि अब बस्तर की पहचान केवल जंगल, प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शांति, लोकतांत्रिक भागीदारी, विकास और नए अवसरों के केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को दी शुभकामनाएं

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिल्ली रवाना हो रहे बस्तर के समाज प्रमुखों, कलाकारों और युवा प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह प्रतिनिधिमंडल केवल बस्तर का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा रहा है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन तक बस्तर की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों की गूंज पहुंचना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

अब पहचान बदल रहा है बस्तर, युवाओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का बस्तर बदलाव की राह पर आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, पर्यटन, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा राष्ट्रपति भवन तक पहुंचकर देश को यह संदेश देंगे कि यह क्षेत्र अब डर और संघर्ष की पहचान से आगे निकलकर विश्वास, विकास और अवसरों की नई कहानी लिख रहा है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई और विकास यात्रा का संदेश

प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति के प्रति बस्तरवासियों की ओर से आभार भी व्यक्त करेगा। साथ ही नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए सहयोग और प्रयासों का उल्लेख करेगा।यह यात्रा बस्तर की नई छवि को सामने लाने का प्रयास है, जहां संस्कृति के संरक्षण के साथ विकास और शांति को प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!