

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सोमवार को पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों, एटीएम और आभूषण दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की गई और सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की गई।पुलिस टीम ने बैंक प्रबंधकों, ज्वेलर्स संचालकों और सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। प्रतिष्ठानों में हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान बैंक परिसरों और आसपास बिना कारण घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही सुरक्षा रजिस्टर में दर्ज पुलिस की टिप्पणियों का पालन सुनिश्चित करने तथा परिसर के बाहर भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस ने बैंक और ज्वेलर्स संचालकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112या संबंधित थाना-चौकी को दें। वहीं पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को भी वित्तीय संस्थानों और आभूषण दुकानों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।सरगुजा पुलिस का कहना है कि यह अभियान जिले में बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों की सुरक्षा को और मजबूत करने तथा चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से चलाया गया है।











