मध्य प्रदेश :  सिवनी जिले में रविवार 26 जुलाई को एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई। लखनादौन थाना क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर भोपाल से मंडला जा रही यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भयावह था कि एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

टक्कर के बाद मची अफरा तफरी, चार घायलों की हालत गंभीर

जानकारी के मुताबिक हादसे में कहानी निवासी देवेंद्र पटेल उम्र 40 वर्ष की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल हुए सभी यात्रियों को तत्काल सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया गया।डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज लखनादौन अस्पताल में जारी है।

ग्रामीणों और पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही लखनादौन पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए NH-44 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क को खाली कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

लखनादौन थाना प्रभारी केपी धुर्वे के अनुसार मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे की मुख्य वजह सामने आ रही है।हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।

हादसे में घायल यात्रियों की सूची

घायलों में रघुवीर साहू, विद्या साहू, देवलाल झारिया, रतन लाल साहू, दिगलो बाई यादव, अनिता राजपूत, सुखवती मेहरा, लता राजपूत, अरविंद राजपूत, संदीप यादव, नेम सिंह मरकाम, दुम्मा भारती, राजकुमार पन्द्रे, बदराइन तेकाम, आनंद बाई ठाकुर, अभय नामदेव और कुंवर सिंह मरकाम शामिल हैं।

NH-44 पर लगातार सामने आ रहे हादसे, सुरक्षा को लेकर चिंता

सिवनी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है। पुलिस अब दुर्घटना की पूरी जांच कर रही है, ताकि हादसे के लिए जिम्मेदार कारणों और व्यक्ति की पहचान की जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!