नारायणपुर: जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने की।बैठक में जिले की आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियानों की वर्तमान स्थिति और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सुरक्षा अभियानों की प्रगति, संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, सुरक्षा बलों के बीच समन्वय, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, विभिन्न सुरक्षा शिविरों की व्यवस्थाओं तथा मानसून के दौरान आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने संयुक्त अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा विकास कार्यों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित सूचना साझा करने और योजनाबद्ध तरीके से अभियान संचालित करने पर विशेष जोर दिया।एसपी ने अधिकारियों को मानसून के दौरान आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने, परिचालन क्षमता को प्रभावित न होने देने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए हमेशा सतर्क और तैयार रहने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अक्षय साबद्रा, ऐश्वर्य चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक लोकेश बंसल, मनोज मंडावी, अविनाश कंवर, आशीष नेताम, अमृता पैंकरा सहित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!