

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में गौ तस्करी का एक नया तरीका सामने आया है। तस्कर इस बार लग्जरी स्कॉर्पियो वाहन का इस्तेमाल कर गायों की तस्करी कर रहे थे। देर रात मिली सूचना के बाद बतौली पुलिस ने बगीचा रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, झारखंड नंबर की स्कॉर्पियो में गायों को ले जाया जा रहा था। स्थानीय लोगों की सतर्कता और सूचना पर पुलिस ने रात करीब 2:30 बजे वाहन को रोककर गाय का सुरक्षित रेस्क्यू किया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन के आधार पर तस्करों की पहचान और गौ तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में स्थानीय लोगों की सतर्कता ने गौ तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया।











