

बलरामपुर: विभिन्न माध्यमों से प्रसारित समाचार में आंगनबाड़ी केंद्र सुरहूलखास में एक्सपायरी डेट का रेडी-टू-ईट आहार बच्चों को उपभोग कराया गया है के संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी द्वारा तथ्यात्मक जानकारी देते हुए बताया गया है कि उक्त संबंध में तत्काल जांच एवं हितग्राहियों से चर्चा की गई। जिसमें पाया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को वितरित किया गया शिशु शक्ति आहार पूर्णतः सुरक्षित था तथा उसकी उपयोग अवधि शेष थी। बच्चों को किसी भी प्रकार का एक्सपायरी डेट का आहार वितरित नहीं किया गया।
उन्होंने जानकारी दी है कि जांच के दौरान केंद्र में रेडी-टू-ईट के पैकेट उपलब्ध थे, उनमें से 2 पैकेट शिशुवती माताओं के लिए निर्धारित थे, जिनकी उपयोग अवधि समाप्त हो चुकी थी। ऐसे पैकेटों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विनष्टीकरण हेतु पृथक रूप से सुरक्षित रखा गया था। उक्त पैकेटों का बच्चों के लिए वितरण अथवा उपयोग नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे एवं हितग्राही स्वस्थ पाए गए हैं तथा किसी भी प्रकार की खाद्यजनित समस्या सामने नहीं आई है।ग्राम के उप सरपंच द्वारा भी यह स्पष्ट किया गया है कि बच्चों को केवल ताजा एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप रेडी-टू-ईट आहार ही उपलब्ध कराया गया है तथा आंगनबाड़ी केंद्र में सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी ने बताया है कि आंगनबाड़ी केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही है। विभाग गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं 06 माह से 06 वर्ष तक के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित देखभाल के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सभी हितग्राहियों को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जाती है।











