

बलरामपुर/ राजपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ निवासी और डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु के कक्षा 11वीं के छात्र अभीरथ सिंह देव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है। माना शूटिंग रेंज, रायपुर में 11 से 21 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में अभीरथ ने 50 मीटर राइफल शूटिंग (पुरुष ओपन वर्ग) में रजत पदक जीतकर पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर के निशानेबाजों के बीच कड़ी टक्कर के बावजूद अभीरथ ने अपनी एकाग्रता, अनुशासन और सटीक निशानेबाजी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें प्रदेश के उभरते हुए प्रतिभाशाली निशानेबाजों की श्रेणी में ला खड़ा किया।
सिर्फ सिल्वर मेडल ही नहीं, बल्कि अभीरथ ने 'बेस्ट प्लेयर ऑफ द टीम' का स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया, जबकि यूथ कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर कुल तीन पदकों के साथ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अभीरथ सिंह देव, जनपद पंचायत शंकरगढ़ के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी अमिताभ सिंह देव तथा वर्तमान जनपद उपाध्यक्ष प्रियंवदा सिंह देव के सुपुत्र हैं। वे छत्तीसगढ़ शासन के बोर्डिंग हाउस अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के भतीजे भी हैं।
अभीरथ की इस उपलब्धि पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु में खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों को दिया। विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने अभीरथ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।











