बिलासपुर : शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित क्रांति नगर के पूजा अपार्टमेंट में चोरी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी जांच में उलझा दिया है। चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 401 से करीब 13 तोला सोने के जेवर गायब हो गए, जबकि न तो अलमारी का ताला टूटा था और न ही लॉकर के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ के निशान मिले।

20 दिन के भीतर हुई वारदात

फ्लैट में रहने वाले शिक्षक अभय अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 30 जून की शाम उन्होंने और उनकी पत्नी शेफाली ने लॉकर में रखे जेवर देखे थे। इसके बाद 20 जुलाई की शाम जब दोबारा अलमारी खोली गई तो लॉकर खाली मिला। शुरुआती जांच के अनुसार, चोरी 30 जून से 20 जुलाई के बीच किसी समय हुई।

चाबी से खुला लॉकर होने की आशंका

पुलिस का मानना है कि आरोपी ने किसी तरह चाबी का इस्तेमाल कर लॉकर खोला और जेवर लेकर निकल गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अलमारी और लॉकर पूरी तरह सुरक्षित मिले। शेफाली घर के भीतर ही एक जगह चाबी छिपाकर रखती थीं, इसलिए जांच इस पहलू पर भी केंद्रित है कि आरोपी को चाबी की जानकारी कैसे मिली।

फोरेंसिक टीम और सीसीटीवी से तलाश तेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

घर आने-जाने वालों से पूछताछ

अभय अग्रवाल भौतिकी के शिक्षक हैं, जबकि उनकी पत्नी शेफाली गणित पढ़ाती हैं। उनके घर सीमित संख्या में छात्र पढ़ने आते हैं और वे केवल स्टडी रूम तक ही रहते हैं। घर में दो घरेलू सहायिकाएं भी काम करती हैं। इनमें एक लंबे समय से साफ-सफाई का काम कर रही है। पुलिस घरेलू कर्मचारियों, घर आने-जाने वाले लोगों और पूर्व कर्मचारियों से पूछताछ कर वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!