

मरवाही: मरवाही क्षेत्र के शिवघाट स्थित सोन नदी में आई बाढ़ के बीच पत्थरों में फंसी चार भैंसों को डायल 112 की टीम और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते किए गए रेस्क्यू अभियान से चारों मवेशियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार 23 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9:35 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि शिवघाट सोन नदी में बाढ़ के तेज बहाव के कारण चार भैंसें बहकर बड़े पत्थरों के बीच फंस गई हैं और बाहर नहीं निकल पा रही हैं। सूचना मिलते ही मरवाही फाल्कन-1 डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।रेस्क्यू टीम में आरक्षक लक्ष्मण नागेश, चालक हेमंत धनवार सैनिक अभिषेक पाण्डेय एवं रोशन कोटे शामिल थे। टीम ने मौके का निरीक्षण कर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आवश्यक संसाधन जुटाए और संयुक्त प्रयास से चारों भैंसों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों ने डायल 112 की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयास की सराहना की। समय पर रेस्क्यू होने से चारों मवेशियों की जान बच गई और एक बड़ा नुकसान टल गया। प्रशासन ने बारिश के दौरान नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर के बीच मवेशियों और लोगों से सतर्क रहने की अपील की।









