

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में जारी भारी बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। बिलासपुर संभाग में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई घरों में पानी भर गया, जिसके बाद लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों का सहारा लेना पड़ा।लगातार बारिश के कारण सड़क, निचले इलाकों और निर्माण कार्यों पर भी असर दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर जलभराव और मिट्टी धंसने की घटनाएं सामने आई हैं।
एनएच-49 पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास मिट्टी धंसी, यातायात हुआ प्रभावित
बीती रात हुई तेज बारिश के चलते एनएच-49 पर का के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास मिट्टी धंस गई। मिट्टी, मुरूम और गिट्टी सड़क पर फैल जाने से बिलासपुर-उरगा फोरलेन परियोजना का रास्ता बाधित हो गया।इसके कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बिलासपुर-रायपुर-रायगढ़ मार्ग पर यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। बारिश के बीच जाम में बड़ी संख्या में यात्री वाहन और मालवाहक वाहन फंसे रहे।स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के काफी समय बाद तक मौके पर एनएचएआई और प्रशासन की टीम नहीं पहुंची, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घरों में पानी भरने से परिवारों की बढ़ी मुश्किलें
बारिश का असर रिहायशी इलाकों में भी देखने को मिला। कई घरों में पानी घुसने से लोगों का घरेलू सामान खराब हो गया। हालात इतने खराब हुए कि कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण रोजमर्रा की गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
24 घंटे में 53 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज
भू-अभिलेख शाखा के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में बिलासपुर में 53.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, इस मानसून सीजन में शहर में अब तक सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है और कुल वर्षा 128.4 प्रतिशत तक पहुंच गई है।मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में भी प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके।











