

घटना में प्रयुक्त टांगी व डंडा जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढाबगीचा में बाड़ी की जुताई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में एक व्यक्ति के सिर पर टांगी से गंभीर चोट लगने के मामले में राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बुढाबगीचा निवासी प्रवीण रावत ने थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बुधवार सुबह लगभग 6:30 बजे वह ट्रैक्टर से अपनी बाड़ी की जुताई कर रहा था। इसी दौरान उसकी मौसी कमलपति सार्थी ने जुताई करने से मना किया। बात बढ़ने पर कुछ देर बाद सुखसागर उर्फ कमाडो सार्थी, कुरलू उर्फ रमेश सार्थी और कमलपति सार्थी एक राय होकर डंडा एवं टांगी लेकर पहुंचे और प्रार्थी के पिता देवराज, माता श्यामपति तथा भाइयों राम और अनुराग के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। हमले के दौरान देवराज के सिर पर टांगी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 195/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2), 109(1) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। साक्ष्यों और आरोपियों के कथनों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों सुखसागर उर्फ कमाडो सार्थी पिता ललीत सार्थी,(34 वर्ष), निवासी बुढाबगीचा, थाना राजपुर, कुरलू उर्फ रमेश सार्थी पिता छेदी सार्थी,(33 वर्ष), निवासी सरईडीह, थाना धौरपुर, जिला सरगुजा, कमलपति सार्थी पति ललीत सार्थी,(53 वर्ष), निवासी बुढाबगीचा, थाना राजपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी एवं डंडा बरामद कर जब्त किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 22 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर जेएमएफसी न्यायालय, बलरामपुर में पेश किया। मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।











