सूरजपुर: सूरजपुर जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार वर्षा के कारण जिले की नदियां और नाले उफान पर हैं। रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम पंचायत मोहनपुर स्थित झींक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। तेज बहाव के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।


झींक नदी के पुल के जलमग्न होने से श्यामपुर, उमेश्वरपुर, मोहनपुर और आसपास के गांवों का रामानुजनगर मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। पुल के दोनों ओर कई यात्री बसें और अन्य वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को पुल पार नहीं करने की सलाह दी है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि झींक नदी में इस तरह का जलस्तर करीब 20 से 30 वर्षों बाद देखने को मिला है। तेज बहाव के कारण नदी का स्वरूप भयावह हो गया है और पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।लगातार बारिश से एक ओर किसानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिल रही है। धान की रोपाई और खरीफ फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। खेतों में पर्याप्त पानी भरने से किसानों को सिंचाई की चिंता कम हुई है। वहीं दूसरी ओर कई ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो गया है।  आवश्यक कार्यों के लिए मुख्यालय पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन और ग्राम पंचायत ने लोगों से अपील की है कि वे उफनती नदी या पुल को पार करने का प्रयास न करें। बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा अनावश्यक रूप से नदी-नालों के आसपास जाने से बचें। मौसम विभाग ने जिले में अगले 24 घंटों तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके मद्देनज़र प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!