

भोपाल : राजधानी भोपाल के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। निशातपुरा रेलवे स्टेशन 26 जुलाई से यात्रियों के लिए औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा। स्टेशन के लोकार्पण के साथ ही यहां से तीन ट्रेनों का संचालन भी प्रारंभ होगा, जिससे शहर के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।इस संबंध में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर स्टेशन के शुभारंभ और ट्रेनों के संचालन को लेकर चर्चा की थी। इसके बाद उद्घाटन की तारीख तय की गई है।
करीब 3 लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने से निशातपुरा, करोंद, रायसेन रोड और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले करीब तीन लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब इन इलाकों के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन तक नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और दूरी दोनों की बचत होगी।
भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन पर घटेगा दबाव
नए रेलवे स्टेशन के संचालन से भोपाल जंक्शन पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा। इससे रेलवे की व्यवस्थाएं अधिक सुचारु होंगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की संभावना है। साथ ही शहर के उत्तरी हिस्से में रहने वाले लोगों के लिए रेल यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
लोकार्पण के साथ तीन ट्रेनों का संचालन होगा शुरू
26 जुलाई को स्टेशन के उद्घाटन के साथ यहां से तीन ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय यात्रियों को रोजमर्रा की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।











