

बलरामपुर: बलरामपुर जिले में एक शिक्षक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। स्कूल जा रहे शिक्षक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच के बाद अब इस हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने अपने ही चचेरे भाई की हत्या की। घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
राधानगर निवासी शिक्षक जयकरण जगते प्राथमिक शाला कुम्हारियापारा, धमनी में पदस्थ थे। सोमवार सुबह वे घर से स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में धारदार हथियार से उनका गला रेतकर उनकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों हरि मोहन (24) व बृज मोहन पिता बैजनाथ (26), ने अपने चचेरे भाई जयकरण जगते की हत्या की। हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर काबू पाया।
एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, पूरे मामले की जांच जारी है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।











