

सूरजपुर: सूरजपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 लाख रुपये मूल्य का 8 किलो 305 ग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 19 जुलाई 2026 को थाना प्रतापपुर पुलिस ग्राम गोटगवां में वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल से आ रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की और बैग से 8 किलो 305 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रमेशचन्द्र निषाद (39 वर्ष), निवासी राघौपुर, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहा था।पुलिस ने बरामद गांजा और तस्करी में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक विवेक खलखो, पीएसआई सम्पत मरावी, विकास गजेन्द्र, प्रधान आरक्षक अलबिनुस तिर्की, विनोद परीड़ा तथा आरक्षक नौशाद, प्रकाश साहू और राजेश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










