रायगढ: रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच बाइक चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत की तीन चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस लगातार बाइक चोरी की घटनाओं पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सत्तीगुड़ी चौक निवासी आयुष दास महंत चोरी की बाइक चला रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चोरी की बाइक बेहद कम कीमत में संबलपुरी के दो लोगों को बेच दी थी। पुलिस ने एक बाइक आयुष दास महंत, दूसरी दशरथ खड़िया और तीसरी नरसिंग चौहान के कब्जे से बरामद की। जांच के दौरान चोरी का माल खरीदकर छिपाने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई की गई।पुलिस ने आयुष दास महंत, विष्णु राठिया, जलधर कुंवर, अमन खड़िया, अमित भोय, दशरथ खड़िया और नरसिंग चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!