

रायगढ़ : जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। बीती रात हाथियों का एक दल जंगल से निकलकर गांवों और खेतों तक पहुंच गया, जहां उन्होंने कई किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान एक कच्चा मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया।
कई गांवों में खेतों तक पहुंचे हाथी
जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ रेंज के आमगांव बीट के जंगल से दो हाथी निकलकर प्रेमनगर और मेढ़रमार बस्ती के आसपास पहुंच गए। यहां उन्होंने संजीत मंडल और प्राकृष्ण बैन के धान के खेतों में घुसकर फसल रौंद दी।
इसी तरह कापू रेंज के अलोला गांव में आदिराम, सुखनंदन और बोधराम की धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा। वहीं कुमरता गांव में रामसाय सिदार के खेत में लगी फसल भी हाथियों के उत्पात का शिकार हो गई।
कच्चे मकान को भी पहुंचाया नुकसान
बाकारूमा रेंज के ससकोबा गांव में एक हाथी ने नरेंद्र के कच्चे मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों और वन अमले ने मिलकर किया प्रयास
हाथियों के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया गया। देर रात हाथियों का दल वापस जंगल की ओर लौट गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग ने शुरू किया नुकसान का आकलन
सुबह वन विभाग की टीम ने प्रभावित गांवों और खेतों का निरीक्षण कर फसल और मकान को हुए नुकसान का आकलन शुरू किया। प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
रायगढ़ और धरमजयगढ़ में 145 हाथियों की मौजूदगी
वन विभाग के अनुसार इस समय रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 145 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। इनमें धरमजयगढ़ वन मंडल में 99 और रायगढ़ वन मंडल में 46 हाथी शामिल हैं। इनकी संख्या में 46 नर, 71 मादा और 28 शावक हैं।
सबसे अधिक 18 हाथी धरमजयगढ़ के गेरसा क्षेत्र, 17 हाथी बाकारूमा रेंज के ससकोबा बीट, 16 हाथी बोरो रेंज के खम्हार उत्तर क्षेत्र और 17 हाथी रायगढ़ वन मंडल के बंगुरसिया पश्चिम क्षेत्र में मौजूद हैं। ऐसे में वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।











