

मध्य प्रदेश : मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि कुछ जिलों में अब भी लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने रविवार के लिए कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश के आसार
भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार जबलपुर, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, सतना, सिवनी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, रीवा, मंडला, मैहर और बालाघाट के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इनमें सिंगरौली, सीधी, उमरिया, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, मऊगंज और मंडला में कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।
कई इलाकों में बढ़ा जलभराव का खतरा
प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। मऊगंज, सतना, उमरिया और डिंडोरी जैसे जिलों में जलभराव की स्थिति बन रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास सतर्कता बरतने की अपील की है।
राजधानी में बादलों की आवाजाही जारी
भोपाल में दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर और नर्मदापुरम संभाग के कई इलाकों में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
ग्वालियर सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।











