

बलरामपुर: रामानुजगंज क्षेत्र में हुई लगभग दो घंटे की भारी वर्षा के बाद कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ने से एनीकट के ऊपर से पानी का बहाव शुरू हो गया है। वर्षाजनित स्थिति के कारण रामानुजगंज-वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करते हुए प्रभावित स्थल पर बैरिकेडिंग एवं घेराबंदी कर दी है।
संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए राजस्व, लोक निर्माण विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा धंसे हुए हिस्से के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्र को लाल रिबन एवं रिफ्लेक्टर टेप से घेरकर सुरक्षित किया गया है, ताकि रात्रि अथवा कम दृश्यता की स्थिति में भी वाहन चालकों को खतरे की स्पष्ट जानकारी मिल सके।प्रशासन द्वारा क्षेत्र की सतत निगरानी की जा रही है। संबंधित विभाग को आवश्यक मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि रामानुजगंज-वाड्रफनगर मार्ग से गुजरते समय पूरी सावधानी बरतें, निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं बैरिकेड्स का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्र के निकट जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करें।










