

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलगांव थाना क्षेत्र के पुलगांव नाला किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार, महिला के सिर पर पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले हैं। शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ है।
पुलगांव पेट्रोल पंप के पास मिला शव
जानकारी के मुताबिक, यह मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्थित झाड़ियों में महिला का शव स्थानीय लोगों ने देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।मृतका की पहचान उरला के ओमनगर निवासी भगवंतीन बाई साहू के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो दिन से लापता थी महिला
बताया जा रहा है कि भगवंतीन बाई साहू अपनी बेटी और दामाद के साथ रहती थीं। वह मजदूरी कर अपना जीवन यापन करती थीं।परिजनों के अनुसार, 16 जुलाई की शाम करीब चार बजे वह घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिवार वालों ने काफी तलाश की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद 17 जुलाई को परिजनों ने सिटी कोतवाली थाना में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सिर पर मिले चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस
महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल की जांच में महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से भी जांच कर रही है।हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा और दोषियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।











