

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव घर के अंदर मिले हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि परिवार के सभी सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है।इस घटना ने दिल्ली के चर्चित बुराड़ी मामले की याद ताजा कर दी, जहां एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत हुई थी। रायपुर की इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
घर के अंदर मिले पांच शव
जानकारी के अनुसार, यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में मस्जिद के पास का है। मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घर को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच के लिए पहुंची फॉरेंसिक टीम
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार के सदस्यों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस जुटा रही है मौत की वजह की जानकारी
फिलहाल पुलिस परिवार के इस सामूहिक कदम के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। जांच के दौरान परिवार से जुड़े लोगों, आसपास के निवासियों और अन्य संभावित पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।










