

बैकुंठपुर/पटना: कोरिया जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के पदभार ग्रहण करने के बाद से अपराधियों और लंबे समय से न्यायालय की कार्रवाई से बच रहे स्थायी वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे के निर्देशन में जिलेभर के थाना क्षेत्रों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी अभियान के तहत थाना पटना पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए पुलिस अधीक्षक के आगमन दिवस से अब तक लगभग 10 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय द्वारा आवश्यक आदेश पारित करते हुए उन्हें जिला जेल बैकुंठपुर में न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से न्यायालय की कार्यवाही से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थाना स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।थाना पटना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लंबे समय से फरार रहकर कानून से बचने वाले आरोपियों के बीच पुलिस और कानून का भय बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से फरार स्थायी वारंटी, वांछित अपराधी एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।जिला पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी फरार अपराधी या स्थायी वारंटी के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।कोरिया पुलिस का यह अभियान जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।











