

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले में सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।इसी कड़ी में विकासखंड राजपुर के ग्राम भिलाईखुर्द निवासी श्रीमती वर्षा ने राशन कार्ड नहीं बनने की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। श्रीमती वर्षा मजदूर परिवार से हैं। राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न के साथ-साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।शिकायत प्राप्त होते ही गंभीरता से लेते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा पात्रता का त्वरित परीक्षण कर शीघ्र ही श्रीमती वर्षा का राशन कार्ड बनाकर उन्हें उपलब्ध करा दिया गया। राशन कार्ड मिलने के बाद श्रीमती वर्षा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके परिवार को नियमित रूप से शासकीय उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम न रहकर आम नागरिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान हो रहा है। जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और मजबूत हो रहा है।











