नारायणपुर: नारायणपुर जिले में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस एवं 58वीं वाहिनी बीएसएफ द्वारा संयुक्त सर्चिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोहकामेटा क्षेत्र के कच्चापाल जंगल में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है, जहां नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और कारतूसों का एक डंप बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार नक्सलमुक्त क्षेत्रों में पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्रियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान जवानों ने जंगल में संदिग्ध स्थान की तलाशी ली। इस दौरान वहां से एक .303 रायफल, एक .315 रायफल तथा एक स्थानीय निर्मित बैरल लांचर बरामद किया गया।इसके अलावा सुरक्षा बलों ने .303 बोर के 17 जीवित कारतूस, 7.62 मिमी के 10 जीवित कारतूस, 12 बोर के चार कारतूस, एक खाली .303 मैगजीन, दो कारतूस फिलर और तीन .303 ट्रेसर रॉड भी जब्त किए हैं।बरामद सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर थाना कोहकामेटा में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नक्सल प्रभावित और नक्सलमुक्त क्षेत्रों में लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्रियों की लगातार बरामदगी हो रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिल रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!