नारायणपुर: नारायणपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिला को ब्लैकमेल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को अश्लील संदेश भेजे और उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई है। आरोपी लगातार उसे अश्लील संदेश भेज रहा था और तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। शिकायत के आधार पर थाना नारायणपुर में धारा 79 बीएनएस और 67(क) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में थाना नारायणपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच शुरू की। सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबर के तकनीकी विश्लेषण के दौरान आरोपी की पहचान सुलेंद्र कुमार भूआर्य (32 वर्ष), निवासी ग्राम पीपरखार, थाना देवरी, जिला बालोद के रूप में हुई।पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को अश्लील संदेश भेजने, उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग करने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना, साइबर सेल या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की सलाह दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!