Raipur News: परीक्षाओं में नकल करने के लिए कुछ लोग नए नए तरीके अपनाते हैं। कभी ब्लूटूथ डिवाइस तो कभी मोबाइल फोन के जरिए परीक्षा में धांधली की कोशिश की जाती है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सामने आया है, जहां रेलवे भर्ती परीक्षा में नकल करने के लिए एक अभ्यर्थी ने बेहद शातिर तरीका अपनाया। हालांकि उसकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और वह जांच के दौरान पकड़ा गया।

डबल अंडरगारमेंट के बीच छिपाया था मोबाइल

मामला रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित IDZ सरोना परीक्षा केंद्र का है, जहां रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी 28 वर्षीय अफताब परीक्षा देने पहुंचा था।आरोपी अभ्यर्थी अपने साथ मोबाइल फोन लेकर आया था, जिसे उसने दो अंडरगारमेंट के बीच छिपा रखा था। उसका मकसद परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर आने वाले सवालों की तस्वीरें खींचना और फिर इंटरनेट की मदद से उनके जवाब तलाशना था।

निरीक्षक को संदिग्ध लगीं हरकतें, निगरानी के बाद खुला राज

यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित प्रणाली यानी CBT के माध्यम से हो रही थी। परीक्षा केंद्र में मौजूद निरीक्षक को अफताब की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वह बार बार नीचे की ओर देख रहा था, जिससे निरीक्षक को शक हुआ।इसके बाद उसकी विशेष निगरानी की गई। जांच के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ। तलाशी में सामने आया कि उसने मोबाइल को छिपाने के लिए डबल अंडरगारमेंट का सहारा लिया था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, मोबाइल भेजा गया जांच के लिए

परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने तुरंत पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के खिलाफ लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 2024 समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं वह किसी नकल कराने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ तो नहीं था।बरामद मोबाइल फोन को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने परीक्षा के दौरान किस तरह इसका इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!