

सूरजपुर: कलेक्टर रेना जमील ने आज वन, खनिज, उद्योग, श्रम, एसईसीएल एवं पर्यावरण विभाग की मासिक समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान सम्बंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में उद्योग विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर छोटे उद्यमों की स्थापना को प्रोत्साहित करने तथा स्किल कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में उपलब्ध संसाधनों एवं स्थानीय युवाओं के कौशल का बेहतर उपयोग कर रोजगार के अधिक अवसर सृजित किए जाएं, ताकि युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार उपलब्ध हो सके।खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में अवैध उत्खनन एवं अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों के अवैध गतिविधि पर नियमित निगरानी करने को कहा।वन विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने वन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित पौधरोपण अभियान एवं पौधों के संरक्षण की जानकारी ली। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं जीवितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रम विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा विभागीय कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर आवश्यक निर्देश दिए।सीएसआर गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एसईसीएल द्वारा जिले में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर के तहत स्वीकृत एवं संचालित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने एसईसीएल के अधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्तापूर्वक एवं निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जिले के नागरिकों को इन परियोजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। इसके अलावा प्रकाश इंडस्ट्रीज और अदानी ग्रुप द्वारा भी सीएसआर के तहत स्वीकृत कार्यों और उसके प्रगति की जानकारी साझा की गई। इसके अलावा बैठक में एसईसीएल के माइंस क्लोजर प्लान पर भी विस्तृत चर्चा की गई।











